रायपुर में कला और संवेदना का अनूठा संगम

दीप प्रज्वलन के साथ प्रदर्शनी का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि।
ध्रुव आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी, धमतरी रोड, कल्पवृक्ष रिजॉर्ट, रायपुर में प्रसिद्ध कलाकार रवि कांत झा की एकल कला प्रदर्शनी “अंतर यात्रा: द इनर लैंडस्केप” का भव्य आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों को बाहरी दुनिया की सीमाओं से परे जाकर अपने अंतर्मन की गहराइयों को महसूस करने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान करती है।

मुख्य अतिथि के साथ रवि कांत झा, जितेन साहू व अन्य अतिथि।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 26 अप्रैल की शाम मुख्य अतिथि, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में एलसीआईएफ जिला समन्वयक मधु यादव ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप के संस्थापक संयोजक कलाकार जितेन साहू विशेषरूप से उपस्थित थे।

अतिथियों का स्वागत करते डॉ ध्रूव तिवारी, साथ में हैं जितने साहू व अन्य अतिथि।
ध्रुव आर्ट स्टूडियो एंड गैलरी के संस्थापक कलाकार डॉ. ध्रुव तिवारी ने शहरवासियों को अपने आवासीय परिसर में ही यह कला गैलरी उपलब्ध कराकर एक अनूठा उपहार दिया है। यह पहल न केवल कला के अद्भुत संसार में प्रवेश करने का मौका देती है, बल्कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को भी अपने क्षेत्र में रहते हुए ही उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करती है। डॉ. तिवारी का यह प्रयास कला संस्कृति को समृद्ध करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

रवि कांत झा अतिथियों के साथ
रवि कांत झा द्वारा निर्मित कलाकृतियों में हिमालयी संस्कृति और शांति का जीवंत चित्रण है। कलाकार ने अमूर्त रूपों और परतों का उपयोग करते हुए परिदृश्य को चेतना और मनोवैज्ञानिक अनुभवों के एक भूभाग के रूप में प्रस्तुत किया है। प्रत्येक चित्र एक ‘ध्यानमग्न स्थान’ की तरह है। उल्लेखनीय है कि रवि कांत झा हिमाचल में रहकर कला साधना कर रहे हैं। देश के विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रदर्शनियाँ हो चुकी हैं। उन्हें पिछले साल ही ललित कला अकादेमी की राष्ट्रीय प्रदर्शनी में अवार्ड प्राप्त हुआ है। यह प्रदर्शनी 28 अप्रैल 2026 तक दर्शकों के लिए रही।

अतिथियों का स्वागत


Leave a comment