Art News India

A magazine covering art, culture, and events.

जोकर एन्ड पैरेलल इकोज प्रदर्शनी

स्पीकिंग आर्ट फाउंडेशन द्वारा आयोजित समूह प्रदर्शनी जोकर एन्ड पैरेलल इकोज 1 जून 2026 से नई दिल्ली के इंडिया हेबीटेट सेंटर की विजुअल आर्ट गैलरी में शुरु हुई है जो 4 जून तक रहेगी। यह  एक अलग तरह की प्रदर्शनी है। इसमें करीब 80  कलाकारों ने जोकर के 3डी रिलीफ मास्क पर काम किया है। इसमें वरिष्ठ और कनिष्ठ कलाकार शामिल हैं। इसके अलावा करीब 50 कलाकारों की पेंटिंग्स, शिल्प शामिल हैं। इस प्रदर्शनी की विशेषता इसमें प्रदर्शित जोकर के मास्क हैं, वैसे कई दूसरे कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स में भी जोकर को पेंट किया है।

प्रदर्शित जोकर के मास्क को देखें तो उसमें कलाकारों की रचनात्मकता अलग स्तर पर सामने आती है। कई कलाकारों ने इसमें जोकर के चेहरे के 3डी रिलीफ के साथ अन्य साग्रियों को जोड़ते हुए उसे नया आयाम दिया है। कहीं जोकर का हंसाने वाला रुप दिखाई देता है तो कहीं हमें उनकी मुस्कान के पीछे की उदासी दिखाई देती है।

जोकर को हंसाने वाला चरित्र ही माना जाता है पर कई कलाकारों ने इसे समकालीन यथार्थ के साथ जोड़ते हुए एक नया आयाम दिया है। इसके लिए कई कलाकारों ने अपनी रचना में कुछ लिखते हुए या दूसरे तत्वों को जोड़ते हुए इसे विस्तार दिया है। यह एक तरह से समय के अदृश्य जोकर बन जाने की अभिव्यक्ति है। अनेक रचनाएं एक ऐसे समय से संबोधित हैं जिसमें हर चेहरा एक विज्ञापन की तरह चमकता दिखाई देता है पर उसके नीचे कहीं गहरी उदासी है। एक तरह से यह प्रदर्शनी समकालीन स्थितियों पर एक गंभीर टिप्पणी भी बन जाती है।

प्रदर्शनी में शामिल कलाकारों में कालीचरण गुप्ता, रुपचंद, धर्मेंद्र राठौर, रागिनी सिन्हा, साक्षी बजाज, मोनिका सिंह, प्रेरणा वर्मा, अजय समीर, आभा राई, हरिओम कुथवारिया, अनीता त्रेहन, अंजली मित्तल, अर्चना झा, भूमिका कुशवाहा, दिलीप चंदोलिया, दीपशिखा बिसोई, मौसुमी भट्टाचार्या, सुनीत मदान, हरी सिंह, हर्ष इंदर लोम्बा, जतिन चौधरी, ज्योति सिंह, कीर्ति बी. सरकार, मनमोय दास, नरेश वर्मा, नलीनी मिश्रा तैयबजी, नवप्रीत कौर, नीरज मित्रा, नेहा दुआ, प्रशांत कुमार सरकार, रितु सक्सेना, विजेंदर शर्मा, वेद प्रकाश भारद्वाज आदि शामिल हैं।

परेलल इकोज में वरिष्ठ और युवा कलाकारों की पेंटिंग्स, शिल्प, इंस्टालेशन आदि प्रदर्शित किये गये हैं। इनमें कुछ कलाकारों ने अपनी पेंटिंग में जोकर को रचा है। प्रदर्शनी के इस खंड का उद्देश्य समकालीन कला में विभिन्न शैली की कलाकृतियों को एक मंच पर लाना है। इसमें कई नवोदित कलाकारों को भी शामिल किया गया है। इसमें शामिल कलाकारों में अमित कुमार बल, मनमोय दास, नवीता कौशिक, अनुराग आनंद, अरविंद कुमार दुबे, गोलमई गंडुम्पु, कमल देवनाथ, कुलदीप कुमार, मधुसुदन खांडेकर, मनीष उपाध्याय, मेहा खन्ना, नलीनी मिश्रा तैयबजी, प्रशांत कुमार सरकार, रितु मनचंदा, सचिन कुमार, सुमित कुमार ठाकुर, विभा सिंह, विदुशी आदि के काम प्रभावित करते हैं।

Leave a Reply

Discover more from Art News India

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading